
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – जनपद हापुड में एक बार फिर गन्ने के खेत में सूटकेश में अज्ञात महिला का शव मिला है। अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । काले रंग के सूटकेश में बहुत पुराना महिला का शव सड़ी गली हालत में होने के बाद कंकाल में बदल गया । किसान को गन्ने के खेत की कटाई के दौरान खेत में काले रंग का बंद सूटकेस मिला , जिसे खोलते ही किसानों के होश उड़ गए । सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच पड़ताल में जुट गई ।
जानकारी के अनुसार , पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के रामा अस्पताल के पास किसान योगेंद्र को अपने गन्ने के खेत में कटाई के दौरान खेत में एक सूटकेस बंद हालत में मिला । जब किसान ने सूटकेस खोला तो उसमें एक महिला का कंकाल मिला जिसे देखते ही वहां हड़कम्प मच गया। पुलिस को सूचना देने पर पिलखुवा कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर श्योपाल सिंह के साथ जनपद की फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरु कर दी ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सूटकेस को खोला और उसमें से महिला के शव को निकालकर पोस्टमार्टम को भेज दिया । पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
हापुड के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि, आज थाना पिलखुवा क्षेत्रांतर्गत गन्ने के खेत में काले रंग के सूटकेस में एक अज्ञात शव (कंकाल) बरामद हुआ है, जिसके कपड़ो से महिला का शव होना प्रतीत होता है। शव की शिनाख्त व घटना के अनावरण हेतु टीम गठित कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।



