सांसद श्रीमती भारती पारधी ने लोकसभा में उठाई जम्बो सीताफल को जीआई टैग दिलाने की मांग
किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया संबल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने आज संसद के शीतकालीन सत्र के शून्यकाल में संसदीय क्षेत्र सिवनी के विश्व-प्रसिद्ध जम्बो सीताफल को भौगोलिक संकेत जीआई (GI) टैग प्रदान कराने की महत्वपूर्ण और लंबे समय से प्रतीक्षित मांग जोरदार तरीके से सदन में उठाई। सांसद पारधी ने कहा कि सिवनी क्षेत्र का जम्बो सीताफल अपनी गुणवत्ता, स्वाद, आकार और विशिष्ट उत्पादन तकनीक के कारण राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जाना जाता है। जीआई टैग मिलने से न केवल इसकी पहचान सुदृढ़ होगी, बल्कि किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने सदन में कहा कि जम्बो् सीताफल को जीआई टैग मिलने से किसानों को उचित मूल्य मिलेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्राप्त होगी, स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलेगी और क्षेत्र के युवाओं एवं उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
सांसद श्रीमती पारधी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जम्बो सीताफल के जीआई टैग की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर क्षेत्र के किसानों को लाभान्वित किया जाए। उनकी इस पहल का क्षेत्र के किसानों, बागवानों और उद्यमियों ने स्वागत करते हुए इसे सिवनी के विशिष्ट कृषि उत्पादों की पहचान को नई ऊंचाई देने वाला कदम बताया है।



