हाथों में गन्ना और खेतों में खाट पर बैठकर किसानों ने सुनाई ‘समृद्धि’ की कहानी
आत्मविश्वास से लबरेज गन्ना किसानों ने हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर के वैठ गांव में लगाई ‘कृषि चौपाल’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
किसानों ने ही संभाला चौपाल का जिम्मा, आयोजन में 500 से अधिक किसानों की रही भागीदारी
कृषि चौपाल के माध्यम से गांवों में पहुंचकर लिया जा रहा गन्ना किसानों का फीडबैक
बोले किसान- सीएम योगी की संवेदनशीलता से मिल रहा फसल का उचित दाम और जल्द भुगतान
हापुड़ – गढ़ मुक्तेश्वर ब्लॉक के वैठ गांव में शुक्रवार को कृषि चौपाल लगी, जहां 500 से अधिक किसान उपस्थित रहे। हाथों में गन्ना लेकर और खेतों में खाट पर बैठकर किसानों ने अपनी ‘समृद्धि’ की कहानी सुनाई। योगी सरकार को इसका श्रेय देते हुए आत्मविश्वास से लबरेज किसानों ने जीवन में आए बदलाव का भी जिक्र किया। कृषि चौपाल में किसानों ने गन्ना मूल्य में की गई वृद्धि के लिए योगी सरकार के प्रति आभार जताया। खास बात यह रही कि कृषि चौपाल का आयोजन भी किसानों ने ही किया और इसमें भागीदारी भी सिर्फ किसानों की ही रही। किसानों ने एक स्वर में कहा कि योगी सरकार ने हमारा ध्यान रखते हुए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकतें।
पहली ही कैबिनेट में योगी जी ने माफ किया किसानों का ऋण
किसानों ने कहा कि पिछली दो सरकारों के 10 वर्ष में गन्ना मूल्य एक रुपये भी नहीं बढ़ा। योगी जी ने 08 वर्षो में 35% से ज्यादा मूल्य बढ़ाया है। पहली कैबिनेट में योगी जी ने किसानों के ऋण की माफी की। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीएम योगी अन्नदाता किसानों के उत्थान के लिए सतत प्रयत्नशील हैं।
अब समय से भुगतान कर रहीं चीनी मिलें
कृषि चौपाल में किसान मास्टर जमील अहमद व हसरत अली ने कहा कि 2017 से पहले किसानों की सिर्फ दुर्गति ही होती थी। सरकारों को गन्ना किसानों की सुध नहीं थी, लेकिन अब सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं गन्ना किसानों से संवाद करते हैं। गन्ना मूल्य में निरंतर वृद्धि भी की जा रही है। अब चीनी मिलों के लिए गन्ना कम पड़ रहा है। किसान उन्नत किस्म के गन्ना उत्पादन की ओर हैं।
सीएम योगी के कारण हुआ संभव, अब मोबाइल पर मिल रही पर्ची
किसान आफक खान व ताज मोहम्मद ने कहा कि एक समय था कि जब गन्ना रखे-रखे सूख जाता था और पर्ची नहीं मिलती थी। आज मोबाइल पर पर्ची मिल रही है। आलू-गन्ना, चना-गन्ना, सरसों-गन्ना, पत्ता गोभी गन्ना जैसे सहफसली खेती का अवसर मिला है। आमदनी बढ़ी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी सोच व मार्गदर्शन में ही यह संभव हो पाया।
इस दौरान नरेंद्र त्यागी, गिरीश कुमार चौहान, अमित कुमार, मोहम्मद नाजिम, शाहिद, मोहम्मद हसरत, रिहान आदि किसानों ने अपनी बातें रखीं।
शनिवार को हापुड़ के अखापुर और 7-8 को शामली में लगेगी चौपाल
शनिवार को कृषि चौपाल हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर ब्लॉक के अखापुर गांव में लगेगी। इसके पश्चात शामली में कृषि चौपाल के लिए 7 दिसंबर को गेहरनी व 8 दिसंबर को बुच्चाखेड़ी गांव का चयन किया गया है। 10-11 दिसंबर को मुजफ्फरनगर के यहियापुर व दाहोद गांव में कृषि चौपाल लगाई जाएगी। किसानों से मिले हर फीडबैक योगी सरकार तक पहुंचाए जाएंगे। इसके आधार पर योगी सरकार किसानों की बेहतरी के लिए और भी नए कार्य व प्रयास करेगी।
योगी सरकार ने गन्ना मूल्य में की 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि
योगी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की। योगी सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 में गन्ने की अगेती प्रजाति का मूल्य 370 से बढ़ाकर 400 रुपये और सामान्य प्रजाति का 360 रुपये से 390 रुपये प्रति क्विंटल किया। इस वृद्धि से गन्ना किसानों को 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान हो रहा है। योगी सरकार के कार्यकाल में चौथी बार गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की गई है।




