
मुर्शिदाबाद (कोलकाता) निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने यू-टर्न लेते हुए कहा कि अब वे इस्तीफा नहीं देंगे। बाबरी मस्जिद-स्टाइल मस्जिद विवाद के बीच विधानसभा सीट पर कायम रहने का फैसला किया।
मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद-शैली की मस्जिद का शिलान्यास कर राजनीतिक हलचल मचाने वाले निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने सोमवार को चौंकाने वाला यू-टर्न ले लिया। कुछ दिन पहले 17 दिसंबर को इस्तीफा देने का एलान कर चुके कबीर ने अब कहा है कि वह विधायक पद से इस्तीफा नहीं देंगे।कबीर ने पत्रकारों से कहा मेरे इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं। मेरे क्षेत्र के लोगों ने मुझसे इस्तीफा न देने की अपील की है और मैं उनकी इच्छा का सम्मान करूंगा।
लोगों के समर्थन ने बदला मन-कबीर ने दावा किया कि मस्जिद शिलान्यास कार्यक्रम में अप्रत्याशित जनसमर्थन मिला, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा वापस लेने का फैसला किया। उन्होंने कहा लोगों ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है। वे चाहते हैं कि मैं पद पर बना रहूं। पहले उन्होंने 22 दिसंबर को एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने और उससे पहले इस्तीफा देने की घोषणा की थी।
टीएमसी ने भी बढ़ाई दूरी, बदली जाएगी सीटिंग व्यवस्था
टीएमसी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी अब कबीर से विधानसभा में भी दूरी बनाए रखेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनकी विधानसभा सीट को भाजपा बेंचों के पास शिफ्ट किया जाएगा। पहले उन्हें मंत्रालय का अनुभव होने के कारण पहली पंक्ति में स्थान दिया गया था। टीएमसी मुख्य सचेतक निर्मल घोष ने कहा हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। निलंबित विधायकों की सीटिंग पर जल्द फैसला होगा।
मस्जिद शिलान्यास से बढ़ी राजनीतिक गर्मी- मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में ह्यबाबरी मस्जिद-स्टाइलह्ण मस्जिद का शिलान्यास हुआ था, जिसे प्रशासनिक निगरानी में कराया गया। इसी कार्यक्रम के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ा तथा पार्टी ने कबीर को अनुशासनहीनता के लिए निलंबित कर दिया था।
नई पार्टी बनाने का दावा बरकरार-इस्तीफा न देने के बावजूद कबीर ने कहा कि वह नई पार्टी बनाने के अपने प्लान पर कायम हैं। उन्होंने दावा किया कि दो और विधायक उनके साथ आएंगे, लेकिन नाम बताने से इंकार कर दिया। कबीर ने यह भी कहा कि सीपीआई(एम) नेता मोहम्मद सलीम कांग्रेस से बातचीत कर रहे हैं और मुर्शिदाबाद में सीट-शेयरिंग की संभावना है।
गीता पाठ के जवाब में कुरान पाठ का आयोजन-कबीर ने घोषणा की कि मुर्शिदाबाद में जन-स्तर पर कुरान पाठ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह फैसला कोलकाता ब्रिगेड ग्राउंड में हुए भाजपा समर्थित ह्यपंच लाख कंठे गीता पाठह्ण के जवाब में बताया जा रहा है। वहीं, टीएमसी राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कबीर पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा हम गीता का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं चाहते। लेकिन कबीर ने बाबरी मस्जिद का नाम लेकर जहरीला सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।



