मथुरा
होलीगेट पर जाम में फंसी 3 एंबुलेंस, परेशान रहे मरीज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। होली गेट मार्ग शहर के पुराने बस अड्डे तक सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाया जा रहा है। जिला अस्पताल के सामने सड़क बनाने के लिए काम चलने के कारण जाम लग गया। जाम में तीन एंबुलेंस सहित सैकड़ों की संख्या में वाहन फंसे रहे। लगभग एक पखवाड़े पूर्व होली गेट मार्ग को नए सिरे से बनाने के लिए पुरानी सड़क को खोद दिया गया। इसे कई भागों में धीरे-धीरे बनाया जा रहा है। करीब चार बजे जवाहरहाट क्षेत्र में लगभग 500 मीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। इससे मरीजों को अस्पताल ले जा रही तीन एंबुलेंस फंस गईं। मरीजों के साथ एंबुलेंस में बैठे तीमारदार वाहन चालकों से रास्ता देने के लिए मनुहार करते दिखाई दिए। वहीं जाम में फंसे वाहनों के चालक भी बेबस नजर आए। महिला अस्पताल के लिए जाने वाले तिराहे पर बैठे पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल जाम खुलवाया तब जाकर एंबुलेंस अस्पताल पहुंच सकीं।



