लखनऊ

लखनऊ: नदवा कॉलेज में फिलीपींस के नागरिक के ठहरने की सूचना न देने पर प्रिंसिपल समेत चार पर FIR

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम नदवतुल उलमा (नदवा कॉलेज) के अधिकारियों पर विदेशी नागरिक के ठहरने की जानकारी छिपाने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने फिलीपींस के नागरिक मोहम्मद एरॉन सरिप (Mohammad Aron Sarip) के हॉस्टल में ठहरने की सूचना न देने पर संस्थान के प्रिंसिपल मौलाना अब्दुल अजीज नदवी, सब-रजिस्ट्रार हारून रशीद, हॉस्टल वार्डन मोहम्मद कैसर नदवी और एक सुरक्षाकर्मी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) से प्राप्त इनपुट पर हसनगंज पुलिस ने सात दिनों की गहन जांच के बाद यह कार्रवाई की। जांच में पता चला कि टूरिस्ट वीजा पर भारत आए फिलीपींस के नागरिक मोहम्मद एरॉन सरिप 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक नदवा के महादुल अली हॉस्टल के कमरा नंबर 307 में ठहरे थे। संस्थान प्रशासन को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि किसी भी बाहरी या विदेशी व्यक्ति के ठहरने की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और FRRO को दी जाए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

FIR भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), धारा 61 (आपराधिक साजिश), विदेशी पंजीकरण अधिनियम (Registration of Foreigners Act) और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि यह उल्लंघन जानबूझकर किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था संबंधी जोखिम पैदा हो सकता था। नदवा कॉलेज में बड़ी संख्या में विदेशी छात्र पढ़ते हैं, इसलिए ऐसे नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button