
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बीते दिवस हल्की धूप खिली तो शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा छा गया। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर चलने से शीत दिवस की स्थिति बनी रही। तापमान में गिरावट होने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते दिखाई दिए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। फिलहाल सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। शनिवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दस डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान
बृहस्पतिवार को हवा चलने से कोहरा छंट गया और दिनभर धूप खिली रही। लेकिन सर्द हवा के कारण गलन बरकरार रही। अधिकतम पारा चार डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से चार डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कड़ाके की सर्दी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। जिले में कोहरा और सर्दी के कारण आठवीं तक के स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश पहले ही घोषित किया जा चुका है। कोहरे का असर बाजारों पर भी देखने को मिला।




