सिंगरौली
कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
अवैध उत्खनन के मामले में सरकार ग्लोबल कंपनी की पीसीसी मशीन की गई जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में जिले में अवैध उत्खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) चितरंगी सौरभ मिश्रा ने राजस्व टीम के साथ चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेही स्थित रेत खदान का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान सरकार ग्लोबल कंपनी द्वारा लीज क्षेत्र से बाहर अवैध रूप से उत्खनन करते हुए पीसीसी मशीन पाई गई। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर थाना चितरंगी को सुरक्षार्थ सौंप दिया गया। बताया गया है कि सरकार ग्लोबल कंपनी के खिलाफ लंबे समय से अवैध उत्खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को कलेक्टर द्वारा गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



