गोड्डा

गर्भाशय कैंसर को लेकर सहियाओं को दिया गया एकदिवसीय प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा/गोड्डा : प्रखंड कार्यालय के सभागार में गर्भाशय कैंसर को लेकर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र की सभी सहियाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. मोहन पासवान ने सहियाओं को गर्भाशय कैंसर के लक्षण, समय पर जांच, बचाव के उपाय एवं जनजागरूकता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए महिलाओं में समय पर जांच एवं सही जानकारी बेहद आवश्यक है, जिसमें सहियाओं की भूमिका अहम है। डॉ. पासवान ने सहियाओं को अपने रहन-सहन एवं कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि जब तक स्वयं में सुधार नहीं लाया जाएगा, तब तक दूसरों को जागरूक करना प्रभावी नहीं हो सकता। सहियाओं के आचरण एवं कार्य से ही आम जनता प्रेरणा लेती है, इसलिए अपने कार्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाते हुए निर्देश दिया कि कार्य समय में पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं एकाग्रता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इसके साथ ही डॉ. पासवान ने सहियाओं को नियमित रूप से ग्राम गोष्ठी आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ग्राम गोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाई जानी चाहिए। नियमित ग्राम गोष्ठियों से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित होगा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगणक चंद्रशेखर चौधरी, मो. मुजफ्फर, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में सहिया उपस्थित थीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button