ललितपुर
शादी के छह माह बाद जेवरात व नकदी लेकर दुल्हन हुयी फुर्र
बिचौलिये ने शादी कराने के एवज में लिये थे डेढ़ लाख रुपये
पीडि़त ने थाना पुलिस और मुख्यमंत्री को भेजा शिकायती पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। लुटेरी दुल्हन का कहर ललितपुर क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। गांव क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार ने मध्य प्रदेश की एक महिला पर शादी के बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी धोखे से उठाकर मायके ले जाने और फोन करने पर दूसरी शादी करने की बात कही। इस बात से परिवार में हड़कम्प मच गया। मामले की शिकायत पीडि़त पक्ष ने थाने के अलावा मुख्यमंत्री तक की है। थाना जाखलौन क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरई निवासी उदय कुमार नायक पुत्र रूपनारायण नायक ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक शिकायती पत्र जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा है। बताया कि मऊमाफी में रहने वाले दिनेश तिवारी पुत्र रामरतन तिवारी द्वारा उसकी शादी मध्य प्रदेश के जिला विदिशा अंतर्गत थाना देहात गंज बसौदा अंतर्गत वार्ड नं. 21 ईदगाह रोड निवासी जितेन्द्र शर्मा की पुत्री आरती शर्मा से 23 फरवरी 2024 को चण्डी माता मंदिर नई बस्ती से करायी थी। बताया कि दिनेश तिवारी ने उसकी मां उमा से करीब 1.50 लाख रुपया शादी में खर्च करने के एवज में लिये और लड़की पक्ष को अच्छी तरह से जानने की बात कहते हुये गलत होने पर जिम्मेवारी भी ली थी। पीडि़त ने बताया कि शादी के दिन उसने अपने परिजनों के साथ आरती शर्मा को चांदी की पायल, करधौनी व सोने की झुमकी, मंगलसूत्र दिया था और शादी सम्पन्न हुयी थी। पीडि़त के अनुसार शादी के 6 माह तक आरती उनके साथ रही, फिर काम होने की बात कहते हुये मायके चली गयी और तब से अब तक वापस नहीं लौटी। आरती के जाने के बाद उन्होंने अपनी अलमारी देखी तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी रुपये भी गायब थे। जब उसने आरती से फोन पर सम्पर्क किया तो आरती ने वापस न आने की बात कहते हुये दूसरी शादी करने की बात कही। शिकायत करने पर आरती ने पूरे परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पीडि़त ने मामला दर्ज कर कार्यवाही किये जाने की गुहार लगायी है।



