बागपत

एसई कार्यालय पर भाकियू (भानु) का धरना-प्रदर्शन

जर्जर तारों और फर्जी बिलों से जनता त्रस्त, आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसई कार्यालय, विद्युत वितरण मंडल बागपत पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी बागपत अमरचंद वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जनपद बागपत के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण बिजली व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह जर्जर और झूलते बिजली तार लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। आए दिन इन तारों से दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई निर्दोष लोगों व बच्चों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
किसान यूनियन के नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गरीब उपभोक्ताओं और किसानों को वास्तविक खपत से कहीं अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कई मामलों में फर्जी व बढ़े हुए बिल थमा दिए गए हैं, जिन्हें चुकाना आम किसान और मजदूर के लिए असंभव हो गया है। बिल न चुकाने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर उपभोक्ताओं का मानसिक शोषण किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइनों से बार-बार उत्पन्न होने वाले फाल्ट को भी गंभीर समस्या बताया और इससे जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सभी गलत व बढ़े हुए बिजली बिलों का तत्काल संशोधन, जर्जर तारों को बदलने और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव गौरव त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित शिवकुमार शर्मा, संगठन मंत्री विक्रांत चौधरी, जगत गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (भानु) उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
उपजिलाधिकारी अमरचंद वर्मा ने प्रदर्शनकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button