
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद। मोदीनगर तहसील के गांव खिंदौड़ा निवासी योगेन्द्र गोस्वामी ने अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। 25 दिसंबर को प्रयागराज में कालीरमन फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें नेशनल यूथ आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस सम्मान में नानजी भाई बाबू का विशेष सहयोग रहा।
योगेन्द्र गोस्वामी इससे पहले भी देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर कई बार सम्मानित हो चुके हैं। उनकी प्रतिभा का लोहा बॉलीवुड अभिनेता भी मान चुके हैं, जो पूर्व में उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
योगेन्द्र गोस्वामी की सबसे बड़ी पहचान उनकी अविश्वसनीय स्मरण शक्ति है। वे एक ही मिनट में 172 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ियों के नाम बिना रुके धाराप्रवाह बोलने की क्षमता रखते हैं। इस अद्वितीय उपलब्धि के कारण उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। उन्होंने अनेक टैलेंट अवार्ड शोज़ में अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन कर दर्शकों को चकित किया है।
लगातार मिल रही उपलब्धियों की कड़ी में आगामी 21 फरवरी को दिल्ली में उन्हें प्रेरणा अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में योगेन्द्र गोस्वामी जीएमएस हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
