गोड्डा
श्यामकित्ता में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का भव्य शुभारंभ
501 कन्याएं एवं महिला कलश यात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिनपुर पंचायत के श्यामकित्ता ग्राम में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ को लेकर आज भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरा गांव और आसपास का क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।भव्य रथ, घोड़े और गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “राधे-राधे” के जयकारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं, वहीं पुरुष और युवा वर्ग भक्ति गीतों पर झूमते दिखाई दिए।यह शोभायात्रा मोहानी शिव मंदिर से प्रारंभ होकर गांव का भ्रमण करते हुए कथा स्थल श्यामकित्ता पहुंची। निर्धारित स्थल पर विधिवत कलश स्थापना के साथ ही श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।कलश स्थापना के बाद कथा वाचक द्वारा भागवत महात्म्य का वर्णन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया आयोजकों ने बताया कि कथा सप्ताह के दौरान प्रतिदिन भागवत कथा, भजन-कीर्तन और प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही श्यामकित्ता ग्राम और पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में डूबा हुआ है। मौके पर उपस्थित अक्षय मिश्रा रतन मिश्रा समाजसेवी सुदामा सिंह बैजनाथ ब्रहम एवं समस्त ग्रामीण उपस्थित थे।



