बागपत

ट्यौढ़ी गांव का नाम रोशन करने वाले युवाओं का भव्य सम्मान

समाज के लोगों ने आगे बढ़ रहे गांव के युवाओं का बढ़ाया हौंसला

वर्ष 2025 में देश में आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन बने अमन कुमार को ग्रामीणों ने किया सम्मानित
एक आंगन, बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं से रोशन हुए गांव का गर्व
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत — ग्राम पंचायत ट्यौढ़ी में गांव समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने दो होनहार युवाओं को सम्मानित कर यह संदेश दिया कि गांव अपनी प्रतिभाओं को पहचानना और आगे बढ़ाना जानता है। गांव और जनपद का नाम रोशन करने पर आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन बने अमन कुमार पुत्र मनोज कुमार तथा राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में झांसी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी तुषार पुत्र दीपक शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मान समारोह भाजपा नेता दीपक शर्मा के निज आवास पर आयोजित किया गया, जहां गांव के बुजुर्गों, युवाओं और सामाजिक लोगों ने दोनों युवाओं को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वजनों में सत्यपाल हलवाई, वासु मलनिया और मास्टर दीपक शर्मा भी सम्मानित हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला। राज्य युवा पुरस्कार विजेता माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा के साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर सेवा और शिक्षा के माध्यम से काम करने का अवसर मिला और आज उसी का परिणाम है कि गांव के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और समाज सेवा से जुड़ने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे युवाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है, क्योंकि इससे गांव के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। वक्ताओं ने कहा कि ट्यौढ़ी गांव से निकलकर युवाओं का राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। भाजपा नेता एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य दीपक शर्मा ने कहा कि युवाओं की उपलब्धियां गांव की सामूहिक सफलता होती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज ऐसे होनहार युवाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करता रहेगा। समारोह के अंत में दोनों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन अन्नू चौधरी ने किया। इस अवसर पर रामफल प्रधान, रामदास, सोमदत्त शर्मा, सत्यपाल सिंह, दीपक शर्मा, ओंकार शर्मा, राकेश शर्मा, बिजेंद्र कश्यप, संजीव, ईश्वर, अजय, पप्पू, रामकुमार कश्यप, ओंकार, जयभगवान, देवेंद्र शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button