एक्सप्रेस-वे पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले को पुलिस ने किया गिरफतार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। स्वतंत्रता सेनानी धन सिंह कोतवाल गुर्जर की जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नूरनगर निवासी पवन गुर्जर के स्वागत समारोह में एक्सप्रेस-वे पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले एक आरोपी को थाना परतापुर पुलिस ने गिरफतार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि कल तेजी से वायरल हुई वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि काफिले में शामिल एक आई-टेन कार समेत कई वाहनों में सवार युवक खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर हथियार लहराते और हुड़दंग करते नजर आ रहे हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे। काशी टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया था। इसके बाद जब काफिला मेरठ शहर में दाखिल हुआ तो परतापुर तिराहा, कुंडा गेट, रिठानी, शोप्रिक्स मॉल चौराहा, गुमी, जुर्रानपुर फाटक, बिजली बंबा बाईपास, पीवीएस मॉल और तेजगढ़ी चौराहे से होते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों वाहनों के काफिले के कारण दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तहकीकात शुरू की तो पता चला कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर के समर्थको के द्वारा गाड़ियों में से एक हुंडई कार नंबर यूपी 15 एयू 2751 में ड्राइवर सीट के बराबर वाली सीट पर बैठा एक व्यक्ति जो कार की खिड़की का शीशा खोलकर असलाह/बंदूक जैसी वस्तु लहरा रहा है जिससे आम जनमानस जो हाइवे पर चल रहे हैं उनमें भय का माहौल उत्पन्न करने व खतरनाक तरीके से चलाने पर थाना मुकद्दमा पंजीकृत कराया गया था । विवेचना के दौरान अर्जुन पुत्र सोहनलाल निवासी जागृति विहार थाना मेडिकल जनपद मेरठ का नाम प्रकाश मे आया गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अदद एयर गन (चिड़ीमार गन) को बरामद की गयी ।


