हजारीबाग प्रेस क्लब का चुनाव आज, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर दिखा उत्साह।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा मतदान,101 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हजारीबाग प्रेस क्लब का बहुप्रतीक्षित चुनाव आज पूरे लोकतांत्रिक माहौल में होगा । मतदान प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 3:00 बजे तक निरंतर चलेगी। इस चुनाव में प्रेस क्लब के कुल 101 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर प्रेस क्लब परिसर में खासा उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है। इस चुनाव में कुल 21 प्रत्याशी कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए मैदान में हैं। वहीं अध्यक्ष सचिव,उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर से अंतिम समय तक समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं और प्रचार-प्रसार युद्धस्तर पर किया गया है। चुनाव से एक दिन पूर्व चुनाव संचालन समिति द्वारा हजारीबाग प्रेस क्लब भवन परिसर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चुनाव संचालन समिति के सदस्य कृष्ण गुप्ता, अजय मिश्रा, राजेश मिश्रा, अर्जुन सोनी, कौशल कुमार ओझा तथा सहयोगी के रूप में भावेश मिश्रा उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान संचालन समिति ने चुनाव प्रक्रिया मतदान नियमों और आचार संहिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। संचालन समिति ने स्पष्ट किया कि मतदान दोपहर 3:00 बजे तक किया जाएगा। हालांकि जो मतदाता 3:00 बजे तक मतदान केंद्र में लाइन में खड़े रहेंगे और जिन्हें मतपत्र प्रदान कर दिया गया होगा, उन्हें समय समाप्त होने के बाद भी मतदान करने की अनुमति दी जाएगी। इसके पश्चात मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। मतगणना प्रक्रिया अपराह्न 4:00 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना के लिए भवन परिसर के अंदर कुल 6 मतपेटियां रखी गई हैं। प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग मतपेटी और अलग-अलग रंग के मतपत्र निर्धारित किए गए हैं। मतदाताओं को प्रत्याशी के नाम और फोटो के बगल में बने सादा रंग के गोले में टिक लगाकर मतदान करना होगा। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 10 प्रत्याशियों को वोट देना अनिवार्य है। यदि 10 से कम या 10 से अधिक वोट डाले जाते हैं तो संबंधित मतपत्र को अमान्य घोषित कर दिया जाएगा।
चुनाव संचालन समिति ने यह भी बताया कि प्रेस क्लब भवन परिसर के अंदर मोबाइल फोन और पेन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, भवन परिसर से 25 मीटर की दूरी तक आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की नारेबाजी, जयकारा या अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं चुनाव संचालन समिति ने बताया कि मतगणना संपन्न होने के बाद विजय प्रत्याशियों को नए वर्ष में प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रत्याशियों को भवन परिसर में सुबह 10:00 बजे प्रवेश करना है। मतदान की प्रतिक्रिया से 15 मिनट पूर्व उन्हें मतपेटी दिखलाई जाएगी। चुनाव संचालन समिति ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अनुशासन, शांति और निष्पक्षता के साथ मतदान कर प्रेस क्लब की इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाएं।




