बागपत
NHAI अध्यक्ष से मिले सांसद, बागपत के गन्ना किसानों के लिए सर्विस रोड की मांग तेज
एक्सप्रेसवे की रफ्तार किसानों पर भारी न पड़े, यही संदेश लेकर दिल्ली पहुंचे सांसद

विकास की नई राह खोलेगा सर्विस रोड, सांसद का मजबूत विजन और सतत प्रयास जल्द लाएंगे परिणाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत । दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे से प्रभावित बागपत क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान और जिले के सतत विकास को लेकर बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष यादव से मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक्सप्रेसवे केवल तेज़ रफ्तार का मार्ग नहीं, बल्कि किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास का माध्यम बनना चाहिए। इसके लिए बागपत में एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने एनएचएआई अध्यक्ष को अवगत कराया कि बागपत लोकसभा क्षेत्र पूर्णतः कृषि आधारित है, जहां अधिकांश किसान गन्ना उत्पादन पर निर्भर हैं। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान बड़ी मात्रा में किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिससे खेतों तक पहुंच, गन्ने की ढुलाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि यंत्रों के संचालन में गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रारंभिक चरण में किसानों से यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया था कि उनकी सुविधा के लिए सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा, जिसके भरोसे किसानों ने शांतिपूर्वक सहयोग किया।
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री द्वारा किसानों की इस मांग को न्यायोचित मानते हुए सहमति दी गई थी। इसी के अनुरूप शामली और सहारनपुर जनपद के हिस्सों में एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस रोड का निर्माण स्वीकृत होकर कार्यान्वित किया जा रहा है, जबकि बागपत क्षेत्र में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है और समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
सांसद ने कहा कि सर्विस रोड के अभाव में किसानों की उत्पादन लागत बढ़ रही है और उन्हें निरंतर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल किसानों के हितों के विपरीत है, बल्कि बागपत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी कमजोर कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि एक्सप्रेसवे का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह किसानों और स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाए, न कि उनकी आजीविका में बाधा बने।
मुलाकात के दौरान सांसद ने बागपत के समग्र विकास का अपना स्पष्ट विजन भी रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे यदि समयबद्ध ढंग से पूर्ण होकर सुचारु रूप से चालू होता है और उसके साथ सर्विस रोड जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाती हैं, तो इससे बागपत की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान होगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद ने एनएचएआई अध्यक्ष से आग्रह किया कि बागपत लोकसभा क्षेत्र में सर्विस रोड निर्माण के लिए संबंधित परियोजना इकाइयों को स्पष्ट, ठोस और समयबद्ध निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों को न्याय मिल सके और क्षेत्र में सामाजिक शांति बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे किसानों के अधिकारों और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं।
एनएचएआई अध्यक्ष को सांसद द्वारा बागपत के विकास से जुड़े इस विजन और संकल्प से अवगत कराया गया कि एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य को दिशा देने वाला आधार बने। वहीं एनएचएआई अध्यक्ष ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।



