बेतुल

बैतूल 2 माह बाद भी नहीं लगा नाबालिग का सुराग 

परिजनों ने पुलिस पर मदद न करने का लगाया आरोप

एसपी और कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है, जिसमें फरियादी माता-पिता अपनी बेटी की तलाश में लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक निराशा ही हाथ लगी है। परिजनों ने पुलिस पर कोई ठोस मदद नहीं करने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। मामला मोहदा थाना क्षेत्र का है, जहां 17 वर्षीय नाबालिग के अचानक लापता होने से परिवार मानसिक तनाव में है।
फरियादी पिता ने बताया कि उनकी पुत्री 4 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे घर से बाहर जाने के बाद वापस नहीं लौटी। थाना मोहदा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आवेदक के अनुसार रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक न तो उनकी पुत्री की तलाश की गई और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने आई। परिजनों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि किसी अतुल यादव नाम के युवक का उनकी पुत्री से मोबाइल पर संपर्क था। जब इस बात की जानकारी उन्हें हुई तो उन्होंने बेटी का मोबाइल अपने पास रख लिया था और संबंधित युवक को समझाइश भी दी थी।
लगातार कार्रवाई न होने से निराश होकर फरियादी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर कार्यालय में लिखित आवेदन सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में बताया गया है कि उनकी पुत्री नाबालिग है और 2 माह से लापता है, जिससे परिवार गहरे मानसिक संकट से गुजर रहा है। स्वयं को अल्पशिक्षित कृषक बताते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच, संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ और नाबालिग बेटी को सुरक्षित खोजकर लाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button