आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा बने झारखण्ड डीजीपी
IPS officer Tadasha Mishra appointed Jharkhand DGP

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड सरकार ने 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को राज्य की नई पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। गृह विभाग ने 30 दिसंबर की शाम इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की। यह नियुक्ति संशोधित डीजीपी चयन नियमावली–2025 के तहत की गई है। अब तक प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यरत तदाशा मिश्रा को नियमित रूप से महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (हेड ऑफ पुलिस फोर्स) का दायित्व सौंपा गया है। सरकारी आदेश के अनुसार वे अगले दो वर्षों तक झारखंड पुलिस की कमान संभालेंगी। उल्लेखनीय है कि वे 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन राज्य सरकार ने नियमावली में संशोधन कर उन्हें नियमित डीजीपी नियुक्त किया। तदाशा मिश्रा झारखंड पुलिस की पहली महिला डीजीपी बनी हैं। उन्हें एक सख्त और अनुभवी अधिकारी माना जाता है। वे रांची सिटी एसपी, बोकारो व गिरिडीह की एसपी, आईजी स्पेशल ब्रांच सहित कई अहम पदों पर कार्य कर चुकी हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनके नेतृत्व में चलाए गये अभियानों को विशेष रूप से उल्लेखनीय माना जाता रहा है।


