गाजियाबाद
अंकुर बिहार थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़
हत्या के दो वांछित अपराधी घायलावस्था में मौके से गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना अंकुर विहार पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित 25-25 हजार रुपए के दो शातिर इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर की फायरिंग की के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से एक नाजायज पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना अंकुर विहार पुलिस टीम दादी भोई मैरिज होम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रामलीला मैदान के सामने पक्की सड़क पर घेराबंदी की गई। थोड़ी देर बाद एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्हें रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों ने मोटरसाइकिल न रोकते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल फिसलकर गिर जाने पर भी उन्होंने पुनः पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मन्नू उर्फ़ सुहैल पुत्र इरशाद उर्फ़ भालू निवासी बंगाली पीर, डाबर तालाब, थाना अंकुर विहार तथा शान पुत्र नईम निवासी प्रेमनगर, थाना लोनी के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने 11 दिसंबर 2025 को एसएलएफ वेद विहार डीएलएफ निवासी शिवम उर्फ़ लालू की गोली मारकर हत्या की थी, जिसके संबंध में थाना अंकुर विहार में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मन्नू उर्फ़ सुहैल का इतिहास हिस्ट्री शीटर है और उस पर लूट, हत्या, हत्या का प्रयास एवं बलवा जैसे करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी शान पर हत्या, हत्या का प्रयास और रंगदारी के चार मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्र की जा रही है।
पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया है



