कानपुर
लार्ड शिवा इंटरनेशनल के नवीन फैक्ट्री भवन का भव्य शुभारंभ कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर द्वारा किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह ‘लार्ड शिवा इंटरनेशनल’ के नवीन फैक्ट्री भवन का भव्य शुभारंभ कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर द्वारा विधिवत सनातन परंपरा के अनुसार पूजन-अर्चन एवं नारियल फोड़कर किया गया। मुख्य अतिथि विजय कपूर ने प्रमुख उद्योगपति सुशील मोहन टकरू को उनके उद्योग के निरंतर विस्तार, उत्कृष्ट गुणवत्ता और देश की अर्थव्यवस्था में सकारात्मक योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। ‘लार्ड शिवा इंटरनेशनल’ न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी अपने उत्कृष्ट उत्पादों के लिए अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त कर चुका है और यह औद्योगिक इकाई ‘मेक इन इंडिया’ को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुकी है। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि फैक्ट्री के कर्मचारियों ने मुख्य अतिथि विजय कपूर से प्रेरणा लेते हुए,उनकी उपस्थिति में तंबाकू और नशा उत्पादों से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर तंबाकू उत्पादों की प्रतीकात्मक होली जलाकर नशा-मुक्त समाज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। चेयरमैन विजय कपूर ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का यह समन्वय एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक कदम है, जो समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण बनेगा। इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, फैक्ट्री स्टाफ, कर्मचारीगण एवं स्थानीय प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह,अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।



