बेतुल
बैतूल जर्जर भवन में पढ़ाई को मजबूर मासूम
हर दिन मंडरा रहा हादसे का खतरा, जयस ने दी आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत राक्सी के ग्राम उमड़ला स्थित प्राथमिक शाला का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, इसके बावजूद मासूम बच्चों की पढ़ाई उसी भवन में कराई जा रही है। स्कूल की छत से प्लास्टर गिर रहा है, दीवारों में गहरी दरारें हैं और बारिश के दिनों में कक्षाओं में पानी भर जाता है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। इस गंभीर स्थिति को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) भैंसदेही के प्रभारी सोनू पानसे ने प्रशासन और शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब खतरा साफ दिखाई दे रहा है, तब भी जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत और शिक्षा विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा। सोनू पानसे ने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल भवन का निरीक्षण कर मरम्मत या नया भवन स्वीकृत नहीं किया गया तो जयस उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होगी।




