पाकुड़ प्रखण्ड सभागार में एसआईआर कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
A review meeting was held in Pakur Block Auditorium regarding the progress of SIR works.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखण्ड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह- प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) समीर अल्फ्रेड मुर्मू की अध्यक्षता में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) से सम्बन्धित कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी तेतु राय, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत सचिव, सभी बीएलओ, सुपरवाइजर सहित अन्य सम्बन्धित कर्मियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने एसआईआर कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने सभी सम्बन्धित पदाधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्य निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किए जाएं। बीडीओ ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की गुणवत्ता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने एसआईआर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का आश्वासन दिया।



