गाजियाबाद
शाहरुख़ ख़ान के फैसले के विरोध में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट का प्रदर्शन
बांग्लादेशी खिलाड़ी की खरीद को हिंदू समुदाय की भावनाओं पर चोट बताया, सरकार से कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
लोनी गाजियाबाद : मुख्य कंझावला रोड स्थित शनि मंदिर परिसर में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अभिनेता शाहरुख़ ख़ान के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए उनका पुतला जलाया। संगठन ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री, वित्त मंत्री तथा नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रही हिंसा के बीच शाहरुख़ ख़ान द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदे जाने का निर्णय लोगों की भावनाओं को आहत करता है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तथा राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल ने कहा कि संगठन इस कदम को अनुचित मानता है। उन्होंने मांग की कि खिलाड़ी से जुड़ा यह सौदा रद्द किया जाए और शाहरुख़ ख़ान हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही, सरकार से उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई।
गोयल ने कहा कि पूर्व में भी अभिनेता के कुछ बयानों को लेकर विवाद पैदा हुआ था और वर्तमान विवादित निर्णय से गलत संदेश जाता है। संगठन ने अपील की कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियाँ दोबारा उत्पन्न न हों।

