मथुरा

गो-मीट की शंका पर हंगामा, जांच में निकला मुर्गा-मछली का वेस्टेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के बाजना कट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गो-रक्षक दल के सदस्यों ने दो गाड़ियों को गो-मीट होने के संदेह पर रोक लिया। लगभग ढाई घंटे तक चले भारी हंगामे और पुलिस की जांच के बाद मामला तब शांत हुआ, जब गाड़ियों में गाय का नहीं बल्कि मुर्गा और मछली का वेस्टेज मीट पाया गया। अंततः गो-रक्षक दल द्वारा पुलिस को लिखित पत्र देने के बाद गाड़ियों को छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, नौहझील निवासी खन्ना और शहबाज की दो गाड़ियां दिल्ली में मुर्गा और मछली की सप्लाई देकर वापस लौट रही थीं। इन गाड़ियों में मुर्गों और मछलियों का वेस्टेज मीट भरा हुआ था। दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही गाड़ियां बाजना कट के पास पहुंचीं, गो-रक्षक दल के सदस्यों ने उन्हें गो-मीट की सूचना पर घेर लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गो-रक्षकों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रोहित तेवतिया व उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को बिगड़ते देख दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर नौहझील थाने ले आई। थाना परिसर में भी काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस की मौजूदगी में जब गाड़ियों की गहनता से जांच की गई, तो उसमें गो-मीट के बजाय मुर्गा और मछली का वेस्टेज पाया गया। सच्चाई सामने आने के बाद मामला शांत हुआ। शाम करीब 4 बजे गो-रक्षक दल के सदस्यों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को लिखित में प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों गाड़ियों और उनके चालकों को छोड़ दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button