झुंझुनू
लेखक धर्मपाल गांधी की पुस्तक इन्कलाब का हुआ विमोचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में नव वर्ष के उपलक्ष में काजड़ा सरपंच मंजू तंवर की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार के मुख्य आतिथ्य में लेखक धर्मपाल गांधी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम पर लिखी गई पुस्तक इन्कलाब का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा रहे और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जय सिंह मान, पिलानी विधानसभा के युवा नेता पूर्व उप प्रधान रणधीर सिंह बुडानिया, कांग्रेस प्रदेश सचिव ओबीसी प्रकोष्ठ डॉ. मक्खन लाल कुमावत, मनोहर लाल मोरदिया, युवा जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय मील आदि विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सर्वप्रथम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्प अर्पित कर नमन किया। सावित्रीबाई फुले को उनकी जयंती पर याद कर उनके भी छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर शिक्षा और समाज सेवा में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का पुष्प माला व साफा पहनकर सम्मान किया गया। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष और लेखक धर्मपाल गांधी ने नव वर्ष पर पधारे सभी लोगों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और सभा को संबोधित करते हुए इन्कलाब पुस्तक के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्रवण कुमार ने इन्कलाब पुस्तक लिखने पर लेखक धर्मपाल गांधी को धन्यवाद दिया और पूर्व में लिखी पुस्तकों की जानकारी देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिवीरों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्ष सरपंच मंजू तंवर ने लेखक धर्मपाल गांधी की पुस्तकों की जानकारी देते हुए कहा- वर्तमान परिप्रेक्ष्य में देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना बहुत जरूरी है। वर्तमान में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को मिटाने का कार्य किया जा रहा है, ऐसे में लेखक धर्मपाल गांधी की पुस्तकों को पढ़ कर स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जानना अति आवश्यक है। उन्होंने पंजाब में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित शहीद भगत सिंह व उनके साथियों की समाधि हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक और जलियांवाला बाग की यात्रा का वृतांत विस्तार से बताया और लोगों से ऐसे पवित्र स्थान पर जाकर शहीदों को नमन करने का आह्वान किया। शिक्षाविद् व समाजसेवी मनजीत सिंह तंवर ने सभा को संबोधित करते हुए लेखक धर्मपाल गांधी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम पर लिखी गई पांच पुस्तकों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर महावीर प्रसाद सैनी, उप सरपंच राकेश कुमार मनीठिया, जगदेव सिंह खरड़िया, राम सिंह चेतीवाल, गायक संजय सैन, हंसराज देवरोड़, इन्द्र सिंह शिल्ला, बलवीर भूकर, सुखराम मेघवाल, शिवदान सिंह भालोठिया, विनोद सोनी, दरिया सिंह डीके, महावीर प्रसाद सैनी, रोहतास बुडानिया, लोकेश डूडी, चंद्रवीर बुडानिया, हितेश शिल्ला, संपादक अंजू गांधी, सुनील गांधी, लक्ष्य और लक्षिता आदि अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मनजीत सिंह तंवर ने किया और धर्मपाल गांधी ने सभी का आभार व्यक्त किया।



