बरेली
बार की गरिमा और अधिवक्ता हित मेरा एजेंडा : ज्वाला प्रसाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार एडवोकेट ज्वाला प्रसाद ने होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य बार की गरिमा को पुनः स्थापित करना और अधिवक्ताओं के हित व सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।
एडवोकेट ज्वाला प्रसाद ने कहा कि वे अपने अधिवक्ता साथियों के सम्मान को बनाए रखने के उद्देश्य से ही चुनाव मैदान में उतरे हैं और विजयी होने के पश्चात अधिवक्ता हितों की निरंतर रक्षा एवं संवर्धन के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि नवागत अधिवक्ताओं के लिए सीटों की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु नए निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिससे सीट संबंधी समस्या का स्थायी समाधान हो सके। अपने वकालत जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया है और भविष्य में भी अपने साथियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहेंगे।
ज्वाला प्रसाद ने कहा कि महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कोई औपचारिक घोषणा–पत्र जारी नहीं कर रहे हैं, क्योंकि अधिवक्ताओं के हित में सदैव तत्पर रहना ही उनकी सबसे बड़ी घोषणा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चुनाव जीतने के बाद वे बरेली बार एसोसिएशन को पुनः उसी ऊंचाई पर पहुंचाएंगे, जिसके लिए बरेली बार पूर्व से जानी जाती रही है।



