बागपत
बड़ौत नगर में भव्य शौर्य जागरण यात्रा, हिंदू समाज की एकता का किया आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत/बागपत : बड़ौत नगर में आज दिनांक 4 जनवरी 2026 को बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में एक भव्य शौर्य जागरण यात्रा एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर के जनता वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी शिवेंदु दत्त शर्मा ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. दुष्यंत तोमर, पूर्व चेयरमैन बड़ौत तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मनीष तोमर, डायरेक्टर मेडिसिटी हॉस्पिटल बड़ौत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्रीमान अरुण जी, प्रांत संगठन मंत्री, मेरठ प्रांत (विश्व हिंदू परिषद) रहे। अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी संबोधन में अरुण जी ने कहा कि शौर्य जागरण यात्रा बजरंग दल के शौर्य, सेवा और संस्कारों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि समस्त हिंदू समाज एकजुट होकर एक माला के मोतियों की तरह संगठित हो और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करे।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक हिंदू युवा को अपने गांव, शहर, गली और मोहल्ले में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि हर मंगलवार को सभी मंदिरों में एकत्र होकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाए, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और एकता का संचार हो।
साथ ही उन्होंने प्रत्येक हिंदू परिवार से अपील की कि कम से कम एक बच्चा बजरंग दल से अवश्य जुड़े, ताकि राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठ, संस्कारी और जागरूक पीढ़ी का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. यशपाल शास्त्री, जिला मंत्री नितिन गोस्वामी, जिला संयोजक सागर, विनोद खिंदोड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात नगर में निकली शौर्य यात्रा में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता के संदेश दिए गए। पूरे नगर में शौर्य यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बन गया।




