बरेली
बरेली बार चुनाव में वर्चस्व की लड़ाई, कचहरी बनी रणभूमि

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के चुनाव ने कचहरी परिसर को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया है। वर्चस्व और प्रतिष्ठा की इस अहम जंग में अधिवक्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
बार बार एसोसिएशन के 21 पदों के लिए कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक हो गया है। खासतौर पर अध्यक्ष और सचिव पद पर त्रिकोणीय संघर्ष के आसार बने हुए हैं। मौजूदा अध्यक्ष एडवोकेट मनोज हरित और सचिव एडवोकेट दीपक पांडे एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से चुनावी मैदान में हैं।
मौजूदा अध्यक्ष मनोज कुमार हरित, पूर्व अध्यक्ष अनिल द्विवेदी के अलावा ज्वाला प्रसाद गंगवार, अजय कुमार, अमित बिसारिया और रविंद्र कुमार सिंह चौहान किस्मत आजमा रहे हैं। सचिव पद पर मौजूदा सचिव दीपक पांडेय के अलावा गौरव सिंह राठौर, शंकर कुमार सक्सेना और वीरेंद्र पाल गुप्ता मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। हालांकि, सेहरा किसके सिर सजेगा, यह मंगलवार को मतगणना के बाद ही साफ होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। अगर कोई प्रत्याशी या मतदाता नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी विवाद की स्थिति में अंतिम निर्णय चुनाव मंडल का होगा।


