असम के तिनसुकिया में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने किया एमआरआई केंद्र का उद्घाटन
चाय बागान श्रमिकों के लिए नई 'स्वस्थवान श्रमिक योजना' की शुरुआत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा जल संसाधन विभाग के मंत्री अशोक सिंहल ने सोमवार को तिनसुकिया जिला भ्रमण के दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लिया। मंत्री ने प्रातः तिनसुकिया जिले के माकूम स्थित तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एमआरआई कक्ष का शुभारंभ किया। इस उद्घाटन समारोह के साथ आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए एमआरआई केंद्रों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को पर्याप्त लाभ मिलेगा, जिन्हें अन्यथा लंबी दूरी तय करनी पड़ती या महंगे निजी जांच केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता। इन एमआरआई केंद्रों के प्रारंभ होने से न केवल रोग जांच क्षमता में सुधार होगा, बल्कि समयबद्ध रोग निदान, बेहतर चिकित्सा परिणाम और आम जनता के चिकित्सा खर्च में कमी भी सुनिश्चित होगी। सभा में तिनसुकिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय किशान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान असम के अभियान संचालक डॉ. लक्ष्मणण एस, तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रूपक गोगोई , असम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. प्रणति गोगोई सहित कई प्रमुख व्यक्ति, चिकित्सक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। इसके बाद चाय बागान क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ‘स्वस्थवान श्रमिक योजना’ नामक महत्वाकांक्षी योजना का चाय बागान में आयोजित औपचारिक समारोह के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने सोमवार को शुभारंभ किया। इस योजना का उद्घाटन कर उन्होंने चाय श्रमिक समुदाय के कल्याण के लिए इसे एक सशक्त व्यवस्था बताया। इसके पश्चात, उन्होंने काकपाथार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बोरदीराक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी। शदिया विधानसभा समस्ति के विधायक बलिन चेटिया की उपस्थिति में आयोजित सभा में असम सरकार के स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त सचिव डॉ. प्रणति गोगोई , तिनसुकिया जिले की संयुक्त स्वास्थ्य संचालक डॉ. निरोद भराली के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान असम का मुख्य कार्यालय तथा तिनसुकिया प्रखंड के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय गण्यमान्य व्यक्ति, चिकित्सा कर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि असम सरकार के 2024-25 वित्तीय वर्ष के अनुदान से काकपाथार शंकरदेव शिशु विद्यालय के कक्षा भवन निर्माण की आधारशिला भी सोमवार को मंत्री अशोक सिंहल ने रखी। वे सोमवार को तिनसुकिया में रुककर मंगलवार को डिगबोई विधानसभा समस्ति के दो कार्यक्रमों में भाग लेंगे।



