शामली
ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मां-बेटा गंभीर घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कस्बा कैराना निवासी हसीब अपनी मां समीना के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा शाहपुर में रिश्तेदारी में गया हुआ था। वापस लौटते समय जैसे ही वह गांव भभीसा के पास पहुंचे, तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ट्रक चला की तलाश में जुटी हुई है।


