
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन के केशव धाम में सोमवार से अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक जारी है। इससे पहले रविवार को संघ के केंद्रीय पदाधिकारी संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिले। परिचय बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की वर्तमान परिस्थितियों के साथ बैठक के विषयों पर मंथन किया। संगठन के 100 वर्ष पूरे होने पर गांव-गांव सभाएं आयोजित कर लोगों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। रविवार सुबह करीब सवा सात बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत केशव धाम पहुंचे। यहां उनका संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।सूत्रों के अनुसार केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक में संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर देश के लोगों को अधिक से अधिक जोड़कर उन्हें संघ के बारे के बारे में बताने, लोगों में समरसता का भाव लेने के लिए गांव-गांव सभाएं आयोजित करने, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव, पश्चिम बंगाल के हालात, प्रदेशों में हो रहे पलायन और इसे रोकने के लिए रूपरेखा तैयार करने पर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही संगठनात्मक दृष्टिकोण पर भी गहन चर्चा की जाएगी। वृंदावन में 7 दिन के प्रवास पर आए संघ प्रमुख मोहन भागवत 10 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे छटीकरा मार्ग स्थित चंद्रोदय मंदिर पहुंचेंगे। यहां मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन करने के बाद वह मिड डे मील बनाने वाली सेंट्रल आधुनिक रसोई को देखेंगे। इसके बाद वह चंद्रोदय मंदिर के पदाधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे। शाम चार बजे सुदामा कुटी में आयोजित संत सुदामा दास महाराज का शताब्दी समारोह में संतों के बीच जाएंगे। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मुलाकात करने के लिए आ सकते हैं।



