शामली
कैराना बार एसोसिएशन चुनाव का बिगुल, 16 जनवरी को होगा मतदान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। जिला बार एसोसिएशन कैराना के वार्षिक चुनाव का बिगुल बज गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सत्यवीर सिंह शर्मा और चुनाव आयुक्त ब्रह्मपाल सिंह चौहान, ब्रह्म सिंह, चौधरी रियासत अली, ओमप्रकाश चौहान एवं शगुन मित्तल ने मंगलवार को वर्ष 2026 की कार्यकारिणी गठन हेतु अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के अनुसार बार भवन में 8 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 8 और 9 जनवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और दाखिल करने का काम होगा। 12 जनवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। वहीं, 13 जनवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी और आपत्तियों के निस्तारण का कार्य संपन्न होगा। मतदान 16 जनवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव प्रशासनिक, सह सचिव पुस्तकालय, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य और कनिष्ठ सदस्य के नौ पदों पर मतदान होगा। सभी प्रक्रिया बार भवन में संपन्न कराई जाएगी। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही दावेदारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बार परिसर में चुनावी हलचल बढ़ गई है, और सदस्य अपने उम्मीदवारों को समर्थन देने के लिए तैयार हैं।


