बरेली
भयंकर ठंड का दौर जारी, बरेली में शीतलहर से ठिठुरे लोग; दो दिन तक राहत के आसार नहीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। एक दिन हल्की धूप खिलने के बाद मंगलवार को फिर घना कोहरा छा गया। सुबह के वक्त दृश्यात भी बेहद कम रही। कड़ाके की ठंड में शीतलहर चलने से गलन और बढ़ गई है, जिससे लोगों की कंपकंपी छूट रही है। कोहरे की वजह से दोपहर दो बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगले दो दिनों तक फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूलों में विद्यार्थी की छुट्टी बढ़ा दी है।
बीते सप्ताह कोहरे से घिरे रहे शहर में सोमवार को धूप निकली पर सर्द हवा ठिठुरन का अहसास कराती रही। अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़ककर सामान्य से छह डिग्री कम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश में बरेली दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, विक्षोभ गुजरने के बाद 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में प्रभावी गिरावट से शाम से सुबह तक ठंड के बाद कोहरे में कमी से दिन में धूप निकल रही है।
12वीं तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी
कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण जिला प्रशासन ने 12वीं तक स्कूलों में अवकाश बढ़ा दिया है। सोमवार रात जारी आदेश के मुताबिक जिले के यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई सहित सभी शिक्षा बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। यह नियम सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों पर लागू होगा।



