कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला युवक का शव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमेठी। गुरुवार को सुबह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुंशीगंज गंज रोड चंडीगढ़ फर्नीचर हाउस के पास संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फांसी के फंदे से लटकता युवक का शव मिला।
घटना की जानकारी तब हुई जब पास की दुकान के एक लड़के ने अनुज पुत्र जयप्रकाश जायसवाल को आवाज दी। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिर लड़के ने खिड़की से झांककर देखा कि अनुज का शव फंदे से लटका हुआ है।जबकि उसका आधा शरीर जमीन को छू रहा था। पड़ोसी ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। अमेठी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें अनुज ने आत्महत्या की वजह मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना को बताया है। उसने लिखा है- सॉरी मम्मी-पापा, मेरे इस फैसले से आप परेशान होंगे। लेकिन मैंने यह निर्णय खुद लिया है। मुझे डर था कि अगर मैं जीवन में कुछ नहीं कर पाया तो आपका क्या होगा।
सुसाइड नोट में छोटे भाई से भी माफी मांगी सॉरी आयुष, मैं तेरा रोल मॉडल नहीं बन पाया। मेरे इस कदम के पीछे कोई नहीं है। मैंने यह फैसला इसलिए लिया ताकि आप लोग आगे परेशान न हों। आप लोगों ने कभी मेरी इच्छाओं को नहीं रोका, इसके लिए मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा। लेकिन अब माफ कर दीजिए। मैं आप दोनों के लिए कुछ नहीं कर पाया और अब दुख दे रहा हूं। कृपया मुझे याद मत कीजिएगा। मैं सिर्फ आप लोगों की खुशी चाहता हूं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अनुज के परिजन गांव में रहते हैं और वह इस मकान में अकेले रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



