गर्भवती महिला पर हमले का आरोपित अभियुक्त गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र में हुई सरेराह मारपीट की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दिनांक 06 जनवरी 2026 की है, जब कंकरखेड़ा निवासी प्रेमचंद ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर आरोप लगाया कि स्कूटी सवार 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने उनके दामाद की कार को जबरन रोककर मारपीट की। प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी के दामाद दीपक अपनी कार ग्रैंड विटारा से जा रहे थे, तभी स्कूटी संख्या न्च्-15-क्फ-3464 पर सवार युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे स्कूटी लगाकर रास्ता रोका। इसके बाद आरोपियों ने दीपक के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। जब दीपक की पत्नी श्रेया, जो गर्भवती हैं, बीच-बचाव के लिए आईं तो आरोपियों ने उनके पेट पर लात-घूंसे मार दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना सदर बाजार पर मु0अ0सं0 05/2026 धारा 110/115(2)/126(2)/352/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के नेतृत्व में थाना सदर बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने घटना में संलिप्त अभियुक्त रमनदीप पुत्र परमजीत निवासी गोविन्दपुरी, कंकरखेड़ा, मेरठ को दिनांक 07 जनवरी 2026 को वेस्टर्न रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पूर्व में उसके विरुद्ध दहेज हत्या एवं दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


