गाजियाबाद

जिलाध्यक्ष की चेतावनी के बाद भाजपा में बढ़ी हलचल

गरमाया सियासी माहौल ,सबकी नजरें जिलाध्यक्ष के फैसले की तरफ 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी । भाजपा के गाजियाबाद जिला अध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं को लेकर दी गई कड़ी चेतावनी के बाद संगठनात्मक माहौल गरमा गया है। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट में विपक्षी दलों से मिलकर षड्यंत्र रचने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए जाने के बाद अब पार्टी के भीतर गुटबाजी और अंतर्कलह को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
जिलाध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में जहां समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सराहना की, वहीं कुछ कार्यकर्ताओं पर पार्टी प्रोटोकॉल तोड़ते हुए मीडिया और सोशल मीडिया पर अनर्गल बयानबाज़ी करने, तथा विपक्ष के साथ मिलकर पार्टी के विरुद्ध माहौल बनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं के नाम शीर्ष नेतृत्व को भेजे जाएंगे और संगठनात्मक अनुशासन के तहत कार्यवाही अनिवार्य होगी।
जिलाध्यक्ष की इस सख्त चेतावनी के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। पार्टी के अंदर चल रही खींचतान के संकेतों को विपक्ष ने तुरंत भुनाना शुरू कर दिया है और इसे भाजपा की “आंतरिक गुटबाजी” करार देते हुए विपक्षी इस मामले पर चुटकी ले रहे है। वहीं, संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ता इसे लंबे समय से दबे असंतोष के उभरने के रूप में देख रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि संगठनात्मक फैसलों और जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर कई कार्यकर्ताओं में असंतोष की स्थिति पहले से बनी हुई थी, जो अब खुलकर सामने आने लगी है।
अब सवाल यह है कि
क्या चेतावनी से हालात संभलेंगे या कार्यवाही से टकराव और बढ़ेगा?
इस पर अंतिम निर्णय का इंतज़ार किया जा रहा है, जबकि इस पोस्ट के बाद  राजनीतिक माहौल फिलहाल पूरी तरह गरमाया हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button