सदर अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं नगर निगम चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग बुधवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत विधि-व्यवस्था संधारण तथा आसन्न नगर निगम चुनाव को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल अधिकारी (सीओ) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतदान केंद्रों की व्यवस्था,सुरक्षा प्रबंध, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया। बैठक में सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखें एवं समय-समय पर अद्यतन प्रतिवेदन अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि सदर अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।



