ललितपुर
क्रयशुदा प्लाट पर मकान बनाकर अवैध कब्जा करने का आरोप
पीडि़त ने डीएम को शिकायती पत्र देकर उठायी कार्यवाही करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। संस्कृत विद्यालय बनारस में अध्ययनरत ग्राम पंचायत जखौरा के निवासी राज पाण्डेय पुत्र स्व.बालकिशन पाण्डेय ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने माता-पिता के गुजर जाने के बाद और स्वयं के बनारस में अध्ययनरत होने का लाभ उठाकर एक व्यक्ति द्वारा क्रयशुदा प्लाट पर मकान बनाकर अवैध कब्जा कर लिये जाने का आरोप लगाया है। राज पाण्डेय ने डीएम को बताया कि उसका एक आवासीय प्लाट जखौरा में बीएसएनएल टॉवर के पास बुडेरा रोड पर है। उक्त प्लाट पर 8 सितम्बर 2006 को घनश्याम पुत्र नन्ना कुशवाहा से उचित प्रतिफल देकर जरिए रजिस्टर्ड बैनामा क्रय किया था। उक्त प्लाट उसके पिता बालकिशन पुत्र लक्ष्मन पाण्डेय के नाम से दर्ज कागजात माल है। बताया कि वह संस्कृत विद्यालय बनारस में अध्ययनरत है। इस कारण उसका जखौरा आना-जाना कम होता है। माता-पिता का स्वर्गवास हो जाने का लाभ उठाकर ग्राम गुलेंदा के मजरा कसा निवासी एक व्यक्ति ने उसके क्रयशुदा प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से मकान निर्माण कर लिया है। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त व्यक्ति ने उसे गालियां देते हुये जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त ने डीएम से मामले की जांच करायी जाकर कार्यवाही किये जाने की गुहार लगायी है।


