डीआईजी स्टाम्प ने उपनिबंधक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। शुक्रवार को डीआईजी स्टाम्प डॉ. राधा कृष्ण ने उपनिबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव तथा पंजीकरण से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की।
डीआईजी स्टाम्प ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, आम जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर और भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उपनिबंधक समेत कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

