इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में जेनरेटिव एआई एवं रोबोटिक्स पर विंटर स्कूल–2026 का सफल आयोजन

किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना, उनकी नवाचारी सोच को विकसित करना तथा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा।
इस विंटर स्कूल में चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल (सीसीडीपीएस), गाजियाबाद के 31 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में प्रो. (डॉ.) तनवीर इकराम ने जेनरेटिव एआई की मूल अवधारणाओं, इसके औद्योगिक अनुप्रयोगों तथा एआई आधारित प्रोजेक्ट्स पर विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया।
द्वितीय सत्र में रोबोटिक्स एवं ड्रोन तकनीक पर केंद्रित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें डॉ. अरविंद तिवारी, दीपक उपाध्याय,
गगन तिवारी, अरुण शुक्ला, एस. पी. वर्मा एवं किरणपाल ने सर्किट डिज़ाइनिंग, सेंसर इंटरफेसिंग, रोबोट एवं ड्रोन डिज़ाइनिंग के कार्य-सिद्धांतों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं यांत्रिक अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस. पी. सिंह ने बताया कि विंटर स्कूल का पाठ्यक्रम वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं एवं उभरती तकनीकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) ए. के. सोलंकी ने कहा कि एआई, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन भविष्य की प्रमुख तकनीकें हैं, जिनमें दक्षता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मिस सपना एवं मिस शोभना का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर प्रो. (डॉ.) अमित जैन, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. सुनीता यादव, डॉ. वाई. एस. यादव सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।


