
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली :- महिला थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समझाइश देकर दो परिवारों को टूटने से बचा लिया गया। इस संबंध में आवेदिका रेखा बंसल, पति रोहित बंसल, निवासी दुवारी चौकी कुंदवार, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (म.प्र.) द्वारा महिला थाना में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
आवेदन की जांच के दौरान दिनांक 06/01/2026 को आवेदिका एवं अनावेदक पक्ष को महिला थाना बुलाया गया। जांच में आवेदिका ने बताया कि उसकी सास, जेठ एवं जेठानी द्वारा उसे परेशान किया जा रहा था। महिला थाना द्वारा संबंधित परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की गई तथा आवेदिका के पति को भी समझाइश दी गई। आवेदिका के पति वर्तमान में अमलोरी में कार्यरत हैं, जबकि दंपती नवानगर में निवासरत हैं।
महिला थाना प्रभारी के समक्ष आवेदिका ने स्पष्ट किया कि वह अपने पति एवं ससुराल पक्ष के विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती और राजी-खुशी अपने पति के साथ रहना चाहती है। इस आशय का एक आपसी समझौता पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
महिला थाना द्वारा आवेदिका को संपर्क हेतु मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सूचना देने की समझाइश दी गई। साथ ही पति को भविष्य में विवाद या मारपीट न करने की कड़ी हिदायत दी गई, अन्यथा कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।
महिला थाना की समय पर की गई इस पहल और संवेदनशील समझाइश से परिवार टूटने से बच गया। वर्तमान में दोनों पति-पत्नी सुख-शांति से साथ रह रहे हैं।



