
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
विदिशा। 56 वें किनारा क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले में सागर डिवीजन ने फरीदाबाद को 16 रनों से हराया सेहजदीप (48) और कप्तान अर्पित (32) की शानदार बल्लेबाजी, विनीत रावत ने झटके 3 विकेट
विदिशा:
स्थानीय खेल परिसर में चल रहे 56वें अखिल भारतीय कनारा क्रिकेट टूर्नामेंट का 7वां लीग मुकाबला आज सागर डिवीजन और फरीदाबाद के बीच खेला गया।इस मैच में नगर पालिका के प्रमुख पार्षदगणों की विशेष रूप से उपस्थिति रही।राष्ट्रगान से मैच का शुभारंभ हुआ उतार-चढ़ाव से भरे इस रोमांचक मैच में सागर डिवीजन ने शानदार खेल दिखाते हुए 16 रनों से जीत दर्ज की।
सागर डिवीजन की पारी: 156/9
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सागर डिवीजन की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने गियर बदलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। विकेटकीपर बल्लेबाज सेहजदीप ने संयमित और जिम्मेदार पारी खेलते हुए सर्वाधिक 48 रन बनाए। टीम के कप्तान अर्पित खरे ने उनका बखूबी साथ दिया और 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।निचले क्रम में आयुष सिंह और सुजल पासी ने महत्वपूर्ण रन जोड़े, जिससे सागर ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 156 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
फरीदाबाद की गेंदबाजी:
फरीदाबाद की ओर से इंद्रेश और प्रांजल ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने 3-3 विकेट झटककर सागर डिवीजन को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ने से रोकने की पूरी कोशिश की।
फरीदाबाद की पारी: लक्ष्य से चूकी
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फरीदाबाद की टीम ने धुआंधार शुरुआत की।
कृष्णा भदाना ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 41 रन बनाए। शिवांश मिश्रा ने मात्र 18 गेंदों में 36 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। आयुष शुक्ला ने भी 18 रनों का योगदान दिया हालांकि, मध्य ओवरों में सागर की सधी हुई गेंदबाजी और सटीक फील्डिंग के आगे फरीदाबाद के बल्लेबाज दबाव में आ गए और टीम लक्ष्य से 16 रन दूर रह गई।
विनीत रावत बने ‘मैन ऑफ द मैच’:
मैच के निर्णायक क्षणों में सागर डिवीजन के गेंदबाज विनीत रावत ने बाजी पलट दी। उन्होंने बेहद प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि श्री के.के. साहू ने उन्हें पुरस्कृत किया।
संक्षिप्त स्कोर:
सागर डिवीजन: 156/9 (20 ओवर) – सेहजदीप 48, अर्पित खरे 32। (गेंदबाजी: इंद्रेश 3 विकेट, प्रांजल 3 विकेट)
फरीदाबाद: 140/ऑलआउट (20 ओवर) – कृष्णा भदाना 41, शिवांश मिश्रा 36। (गेंदबाजी: विनीत रावत 3 विकेट)
परिणाम: सागर डिवीजन 16 रनों से विजयी। कल के मैच सागर डिवीज़न विरुद्ध उदयपुर और दूसरा मुक़ाबला इण्डियन नेवी विरुद्ध गुजरात के मध्य खेला जाएगा।




