मथुरा
धर्मनगरी में धड़ल्ले से चल रहीं मीट की दुकानें, सैंपलिंग तक नहीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन रोड स्थित मुकुंद विहार कॉलोनी में व डैंपियर नगर मछली फाटक पर अवैध मीट कारोबार के खुलासे के बाद भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कार्रवाई के बावजूद विभाग की आंखें नहीं खुलीं और धर्म नगरी में बेरोकटोक मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। काफी समय से चेकिंग तक नहीं की गई है। विश्व हिंदू परिषद की सत्यवती चौधरी का कहना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभाग की कार्रवाई केवल कागजों और सीमित दायरे तक ही सिमट कर रह गई है। शहर के कई क्षेत्रों में मीट की दुकानें चल रही हैं जोकि ब्रज की पावन धरा की छवि को धूमिल कर रही हैं। इनमें भूतेश्वर चौराहे के पास, डैंपियर नगर मछली फाटक और रिफाइनरी के 9 नंबर गेट के आसपास खुलेआम मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। धार्मिक नगरी में इस तरह खुलेआम मीट बिक्री को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध कारोबार और तेजी से फैल सकता है। जबकि विभागीय अधिकारी कार्रवाई की बात तो करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका असर दिखाई नहीं देता है।



