गाजियाबाद
धर्म के नाम पर भीड़ हिंसा इस्लाम के खिलाफ : परवेज़ चौधरी
एंटी क्राइम ऑल इंडिया ट्रस्ट की बैठक में कहा – मानव जीवन सर्वोपरि, कानून हाथ में लेना अपराध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के जिलाध्यक्ष परवेज़ चौधरी ने कहा कि इस्लाम में हिंसा की कोई जगह नहीं है और धर्म के नाम पर की जाने वाली भीड़ हिंसा इस्लामी शिक्षाओं के पूरी तरह खिलाफ है। उन्होंने यह बात एंटी क्राइम ऑल इंडिया ट्रस्ट के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
परवेज़ चौधरी ने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ईशनिंदा जैसे आरोपों के आधार पर भीड़ द्वारा की गई हत्याएँ न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि धर्म की मूल भावना को भी आहत करती हैं। उन्होंने कहा कि कुरआन मानव जीवन को सर्वोच्च मानता है और निर्दोष की हत्या को पूरी मानवता के खिलाफ अपराध बताया गया है।
उन्होंने पैग़म्बर मुहम्मद के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि अपमान और अत्याचार सहने के बावजूद उन्होंने हमेशा संयम, धैर्य और क्षमा का मार्ग अपनाया। ऐसे में उनके नाम पर हिंसा करना उनके आदर्शों का अपमान है।
बैठक में उपस्थित एंटी क्राइम ऑल इंडिया ट्रस्ट के जिला उपाध्यक्ष इज़राइल मोहम्मद ने कहा कि भीड़ द्वारा न्याय करना स्वीकार्य नहीं है। ट्रस्ट ने धार्मिक नेताओं और समाज के प्रबुद्ध वर्ग से अपील की कि वे खुलकर ऐसी हिंसा का विरोध करें और दोषियों को कानून के तहत सज़ा दिलाने में सहयोग करें।
बैठक में अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि धर्म का उद्देश्य समाज में शांति, न्याय और मानवीय मूल्यों को स्थापित करना है, न कि भय और अराजकता फैलाना। बैठक में गौ रक्षक रवि धामा के जन्म दिन का केक काटकर उन्हें बधाई दी गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने समाज में सद्भाव, कानून के सम्मान और हिंसा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
बैठक में रजनीश कुमार, मेजर हाजी बाबू,मोनू उर्फ इंशाल्लाह ,समुद्दीन आवरी, रवि कुमार बिट्टू, इमरान,शादाब,आदिल, सलीम व अब्दुल सत्तार ने भाग लिया


