शामली
वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी बने पत्रकार संगठन कैराना के अध्यक्ष
महराब चौधरी व अब्दुल सत्तार संरक्षक नियुक्त
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कस्बे के प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन कैराना की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी को वर्ष-2026 के लिए संगठन का अध्यक्ष चुना गया। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार महराब चौधरी व अब्दुल सत्तार को संगठन का संरक्षक नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारी शीघ्र ही पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे।
रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पानीपत–शामली मुख्य मार्ग स्थित गोल मार्केट में संगठन के कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक रियासत अली ताबिश ने की। बैठक में संगठन के आगामी कार्यकाल और नेतृत्व को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से सुधीर चौधरी के नाम पर मुहर लगी। अध्यक्ष चुने जाने पर साथियों ने पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन किया।
वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी को निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों की सशक्त आवाज़ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने वर्षों से आम जनता की समस्याओं, सामाजिक मुद्दों और प्रशासनिक जवाबदेही को प्रमुखता से उठाते हुए पत्रकारिता के उच्च मानदंडों का पालन किया है। सत्य और तथ्य के साथ खबर प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। दबावों के बीच भी सच्चाई के पक्ष में डटे रहना और पीड़ितों की आवाज़ बनना उनके व्यक्तित्व को अलग पहचान देता है।
सहकर्मियों के बीच वे एक सुलझे हुए, सहयोगी और मार्गदर्शक व्यक्तित्व के रूप में सम्मानित हैं। युवा पत्रकारों को प्रोत्साहित करना, उन्हें सही दिशा देना और संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में हमेशा शामिल रहा है। यही कारण है कि संगठन के अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी।
बैठक का संचालन नवनियुक्त अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील धीमान, मेहरबान अली कैरानवी, अन्सार सिद्दीकी, एम. इकबाल हसन, सलीम फारूकी, डॉ. अजमतुल्ला, संदीप इन्सां, सलीम चौधरी, अहसान सैफी, महताब शानू, सालिम अंसारी, सन्नी गर्ग, इरफान चौधरी, दीपक बालान, वाजिद अली, अरशद चौधरी, शाहनवाज अली, नदीम अली, अल्ताफ चौधरी, फिरोज खान, पुनीत गोयल, आशीष सैनी, फारूक फरीदी, स्वदेश चौधरी, सलमान चौधरी, सुहैब खान, देवराज चौहान, अनवार अली, इंतजार अली, उस्मान चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
संगठन व समाज के लिए समर्पित रहेगा प्रत्येक क्षण: सुधीर चौधरी
अध्यक्ष चुने जाने के बाद सुधीर चौधरी ने कहा कि साथियों ने जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए सभी बंधुओं के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल का प्रत्येक क्षण संगठन, राष्ट्र और समाज की सेवा को समर्पित रहेगा। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी पत्रकार साथियों को एकता के सूत्र में पिरोकर साथ लेकर चलने का संकल्प भी उन्होंने दोहराया।


