गोड्डा
पथरगामा में क्षमता वर्धन कार्यशाला सह विदाई समारोह आयोजित
विदाई समारोह के दौरान अपूर्व प्रियदर्शनी का केक काटकर जन्मदिन भी बनाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : मंगलवार को पथरगामा स्थित मंडप विवाह भवन में प्रदान संस्था की ओर से एक दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जैविक एवं पारंपरिक खेती, आजीविका संवर्धन, लैंगिक समानता, मनरेगा, स्वास्थ्य एवं पोषण तथा संस्थागत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा।
इसी अवसर पर प्रदान संस्था में लगभग ढाई वर्षों तक सेवाएं देने वाली अपूर्वा प्रियदर्शिनी के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। विदाई समारोह से पूर्व उनके जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर सभी कर्मियों ने उनका जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। अपने कार्यकाल के दौरान अपूर्वा प्रियदर्शिनी ने विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाई तथा समुदाय स्तर पर कई सराहनीय पहलें कर एक सकारात्मक पहचान बनाई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने उनके अनुशासन, कार्यकुशलता, संवेदनशीलता एवं समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका योगदान संस्था एवं समुदाय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके विदा होने से कार्यकर्ता साथियों में भावुक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में प्रदान संस्था की ओर से अपूर्वा प्रियदर्शिनी को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में प्रदान संस्था के अवनीश प्रजापति, जितेंद्र, देवानंद, परमानंद सहित सभी कर्मी उपस्थित रहे।




