मेरठ

आईएआरआई, पूसा में एमआईईटी छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण

शोध की दुनिया से हुआ सीधा परिचय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। एमआईईटी के बायोटेक्नोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एमएससी और बीएससी के विद्यार्थियों ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), पूसा, नई दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक शोध और प्रयोगों से जोड़ना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईएआरआई की तीन प्रमुख इकाइयों डिवीजन ऑफ एक्सटेंशन, डिवीजन ऑफ माइक्रोबायोलॉजी और डिवीजन ऑफ प्लांट फिनोमिक्स का दौरा किया। यहां उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाओं, उन्नत उपकरणों और नई शोध तकनीकों की जानकारी दी गई। डिवीजन ऑफ एक्सटेंशन में छात्रों को बताया गया कि कृषि से जुड़ी नई तकनीकें किस प्रकार किसानों तक पहुंचाई जाती हैं और उनका उपयोग खेती को बेहतर बनाने में कैसे किया जाता है। साथ ही, ग्रामीण विकास और सतत कृषि पर भी चर्चा की गई।
डिवीजन ऑफ माइक्रोबायोलॉजी में विद्यार्थियों को मृदा में पाए जाने वाले उपयोगी सूक्ष्मजीवों, पौधों और सूक्ष्मजीवों के आपसी संबंध, जैव उर्वरकों तथा पर्यावरण के अनुकूल कृषि तरीकों के बारे में जानकारी मिली। छात्रों ने वैज्ञानिकों से बातचीत कर शोध कार्यों को करीब से समझा। डिवीजन ऑफ प्लांट फिनोमिक्स में पौधों की वृद्धि, उनकी सेहत और फसल सुधार से जुड़ी आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया गया। यहां यह भी समझाया गया कि नई इमेजिंग और डेटा तकनीकें खेती और अनुसंधान को किस तरह आसान और प्रभावी बना रही हैं।
यह शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें अपने विषय को व्यावहारिक रूप में समझने और भविष्य में शोध एवं करियर की दिशा तय करने में मदद मिली। संस्थान ने आईएआरआई, पूसा के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों का सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button