शामली
हाई टेंशन लाइन खींचे जाने पर फिर भड़का विरोध, पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुआ कार्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में एक बार फिर आबादी के बीच से हाई टेंशन लाइन खींचे जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। विद्युत विभाग द्वारा लाइन खींचने का कार्य शुरू किए जाने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद कार्य पुनः शुरू कराया गया। क्षेत्र के कस्बा एलम में विगत दिनों आबादी के बीच से हाई टेंशन लाइन निकाले जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन सहित ग्रामीणों ने एक सप्ताह से अधिक समय तक धरना-प्रदर्शन किया था। धरने के दौरान कई ग्रामीणों की तबीयत भी बिगड़ गई थी। बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों और भाकियू नेताओं की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें यह तय हुआ था कि हाई टेंशन लाइन को आबादी के बीच से नहीं निकाली जाएगा। इस समझौते के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था।सोमवार को एक बार फिर विद्युत विभाग के कर्मचारी गांव में पहुंचे और आबादी के बीच से हाई टेंशन लाइन खींचने का कार्य शुरू कर दिया। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए और कार्य का विरोध करते हुए उसे रुकवा दिया। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर हाई टेंशन लाइन खींची जा रही है और यदि किसी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया तो पुलिस कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी। थाना प्रभारी के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हो गए और लाइन खींचने का कार्य शुरू कराया गया।मौके पर जयकुमार, हेमंत कुमार, सुरेश पाल, अंकित, निशु, मनोज, कुलदीप, संतोष पाल सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।




