सिंगरौली
गल्ला न मिलने से भड़का जनआक्रोश, बरका में सड़क जाम
उचित मूल्य दुकान विक्रेता पर गल्ला चोरी का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले की सरई तहसील अंतर्गत ग्राम बरका में शासकीय उचित मूल्य दुकान से गल्ला नहीं मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता दादूलाल सिंह द्वारा गल्ला वितरण में भारी अनियमितता की जा रही है। लोगों ने विक्रेता पर गल्ला चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर और पूरा गल्ला नहीं दिया जा रहा है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही बरका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम हटवाया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया, हालांकि ग्रामीणों में आक्रोश बना रहा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर रोक लग सके।
अब यह मामला कलेक्टर कार्यालय, सिंगरौली तक पहुंच चुका है। देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित ग्रामीणों को कब न्याय मिलता है।



